33.1 C
New Delhi
Saturday, September 21, 2024

IND vs SL Highlights: एशिया कप में भारत के हाथों से फिर फिसली जीत

भारत ने एशिया कप 2022 के सुपर-फोर राउंड का एक और मुकाबला गंवा दिया। भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट से हार के बाद मंगलवार को श्रीलंका टीम से 6 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। भारत ने कप्तान रोहित शर्मा (72) की शानदार पारी के दम पर 174 रन का टारगेट रखा, जिसे श्रीलंका ने 4 विकेट के नुकसान पर 1 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। श्रीलंका के लिए सर्वाधिक रन विकेटकीपर बल्लेबाजी कुसल मेंडिस (57) ने बनाए।

श्रीलंका ने किया दमदार आगाज

लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने दमदार आगाज किया। ओपनर पाथुम निसानका और कुसल मेंडिस ने पहले विकेट के लिए 97 रन जोड़े। स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 12वें ओवर में दो विकेट लेकर भारत को थोड़ी राहत दी। उन्होंने पहली गेंद पर निसानका को रोहित शर्मा जबकि चौथी गेंद पर चरित असलंका को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। निसानका ने 37 गेंदों में 4 चौकों औऱ 2 छक्कों के दम पर 52 रन बनाए। वहीं, असलंका 3 गेंद खेलने के बाद भी अपना खाता नहीं खोल पाए। दनुष्का गुणथिलका 14वें ओवर में रविचंद्रन अश्विन का शिकार बने। उन्होंने केएल राहुल को कैच दिया। गुणथिलका ने 7 गेंदों में 1 रन बनाया।

राजपक्षे और शनाका जिताकर लौटे

श्रीलंका को चौथा झटका मेंडिस के रूप में लगा। उन्हें 15वें ओवर में चहल ने एलबीडब्ल्यू किया। मेंडिस ने 37 गेंदों में 57 रन की पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के ठोके। यहां से भानुका राजपक्षे और कप्तान दासुन शनाका ने श्रीलंकाई पारी को आगे बढ़ाया और टीम को जिताकर लौटे। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 64 रन की अटूट साझेदारी की। राजपक्षे ने 17 गेंदों में 2 सिक्स के जरिए नाबाद 25 रन बनाए। वहीं, शनाका ने 18 गेंदों में 4 चौकों और 1 सिक्स की मदद से नाबाद 33 रन जुटाए। बता दें कि श्रीलंका को आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन चाहिए थे। अर्शदीप सिंह ने कसी हुई गेंदबाजी की पर भारत की हार टालने में नाकाम रहे।

ऐसा रहा भारतीय पारी का हाल

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (7 गेंदों में 6) दूसरे ओवर में एलबीडब्ल्यू हो गए। उन्हें स्पिनर महीश थीक्षणा ने एलबीडब्ल्यू किया। भारत को दूसरा झटका विराट कोहली के रूप में लगा, जिन्हें दिलशान मदुशंका ने तीसरे ओवर में बोल्ड किया। पाकिस्तान के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेलने वाले कोहली 4 गेंदें खेलने के बाद शून्य पर आउट हुए। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने जबरदस्त अंदाज में मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 97 रन की दममदार साझेदारी की।

रोहित को करुणारत्ने ने किया आउट

रोहित और सूर्यकुमार की पार्टनरशिप को 13वें ओवर में चमिका करुणारत्ने ने तोड़ा। करुणारत्ने ने रोहित को पाथुम निसानका के हाथों लपकवाया। भारतीय कप्तान ने 41 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों की बदौल 72 रन की पारी खेली। सूर्यकुमार 15वें ओवर में दासुन शनाका का शिकार बने। उन्होंने थीक्षणा को कैच थमाया। सूर्यकुमार ने 29 गेंदों में 34 रन जुटाए। उन्होंने अपनी पारी में 1 चौका और 1 छक्का लगाया।

वहीं, हार्दिक पांड्या (13 गेंदों में 17) कुछ खास नहीं कर पाए। उन्हें 18वें ओवर में शनाका ने निसानका को कैच कराया। मदुशंका ने 19वें ओवर में दो विकेट चटकाए। उन्होंने दीपक हुड्डा (4 गेंदों में 3) को पहली गेंद पर बोल्ड किया जबकि ऋषभ पंत (13 गेंदों में 17) को निसानका के हाथों लपकवाया। भुवनेश्वर कुमार (0) को करुणारत्ने ने 20वें ओवर में बोल्ड किया। रविचंद्रन अश्विन 15 और अर्शदीप सिंह 1 रन बनाकर नाबाद रहे। 

ये भी पढ़े : IND vs PAK मैच के बाद जसप्रीत बुमराह की पत्नी को क्यों आ गया इतना गुस्सा

- Advertisement -
SourceTimesNow

Latest news

- Advertisement -spot_img

Related news

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here